Adani Share Price: अडानी समूह के लिए 2023 में हरे-भरे से ज्यादा लाल कारोबारी दिन ही रिकॉर्ड किए जा रहे हैं. अभी इस सप्ताह अडानी के शेयरों में दो दिनों की तेजी आई ही थी कि आज बुधवार को समूह के सारे शेयर बिखर गए. अडानी समूह के कई शेयरों में आज 5-5 फीसदी से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई.

कारोबार समाप्त होने के बाद अडानी समूह के सभी 10 शेयर आज नुकसान में रहे. उनमें सिर्फ एक ही शेयर ऐसा रहा, जिसकी गिरावट 1 फीसदी से कम रही.

बिखर गए अडानी के से शेयर

बाजार बंद होने के बाद समूह का फ्लैगशिप शेयर अडानी एंटरप्राइजेज (Adani Enterprises) 6 फीसदी से ज्यादा गिरकर बंद हुआ. वहीं अडानी ट्रांसमिशन (Adani Transmission) और अडानी पावर (Adani Power) के भाव में 7-7 फीसदी से ज्यादा की गिरावट देखी गई. सबसे ज्यादा 7.70 फीसदी का घाटा अडानी ट्रांसमिशन को हुआ.

इन शेयरों को भी काफी नुकसान

अन्य शेयरों को देखें तो अडानी ग्रीन (Adani Green) 4 फीसदी से ज्यादा गिरकर बंद हुआ. अडानी पोर्ट्स (Adani Ports) को 3 फीसदी से ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा. अडानी टोटल गैस (Adani Total Gas) भी करीब 3 फीसदी के घाटे में रहा. अंबुजा सीमेंट (Ambuja Cement) को करीब ढाई फीसदी, एनडीटीवी (NDTV) को करीब दो फीसदी और अडानी विल्मर (Adani Wilmar) को करीब 1 फीसदी का नुकसान हुआ. एसीसी (ACC) के भाव में 0.48 फीसदी की गिरावट आई.

सभी शेयरों का प्रदर्शन:

कंपनी का नामआज का बंद भाव (बीएसई पर, रुपये में)बदलाव (फीसदी में)
अडानी एंटरप्राइजेज2530.10-6.21
अडानी ग्रीन971.30-4.32
अडानी पोर्ट्स826.40-3.28
अडानी पावर322.75-7.10
अडानी ट्रांसमिशन886.30-7.70
अडानी विल्मर374.85-1.08
अडानी टोटल गैस653.45-2.80
अंबुजा सीमेंट452.90-2.32
एसीसी1968.30-0.48
एनडीटीवी223.30-1.80

धरे रह गए सारे अनुमान

इससे पहले अडानी समूह के शेयरों में लगातार दो दिनों से अच्छी तेजी रिकॉर्ड की जा रही थी. ऐसा लग रहा था कि अडानी के शेयर लगातार गिरावट से उबरने लग गए हैं. हालांकि सारे अनुमान धरे रह गए और अडानी समूह के सभी 10 शेयरों ने आज जबरदस्त गोता लगा दिया.

ऐसा रहा बाजार का हाल

घरेलू बाजार की बात करें तो बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) और एनएसई निफ्टी (NSE Nifty) दोनों प्रमुख सूचकांक आज हल्की बढ़त में बंद हुए. बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स करीब 215 अंक की बढ़त के साथ 66,430 अंक के पार बंद हुआ. निफ्टी भी करीब 50 अंक की बढ़त के साथ 19,445 अंक के पास बंद हुआ. आज दोनों की शुरुआत धीमी हुई थी और पूरे दिन सीमित दायरे में कारोबार हुआ.

ये भी पढ़ें: हर चौथी ट्रेन चल रही समय से देर, जानें क्यों इस साल बिगड़ा है भारतीय रेल का टाइम-टेबल?