पटना: बिहार में छठ पर्व के अंतिम दिन आज उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देते समय 14 लोगों की मौत हो गई. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. इनमें से भागलपुर जिले में चार लोगों, समस्तीपुर में तीन लोगों और अररिया में दो लोगों और अरवल, सीतामढ़ी, मधेपुरा, औराई और वैशाली जिलों में कुल पांच लोगों की मौत हो गई.
कलहगांव के क्षेत्राधिकारी राधा मोहन सिंह ने बताया कि भागलपुर जिले के कहलगांव पुलिस थाना इलाके में तीन लोग डूब गए. उन्होंने बताया कि जिले के एक गांव में बने तालाब के गहरे पानी में 25 साल की एक महिला अर्घ्य देते समय डूब गई. छठ पूजा में भाग लेते समय 12 साल की एक लड़की गंगा नदी में डूब गई. एक और व्यक्ति की मौत जन मोहम्मदपुर गांव में हुई. उन्होंने कहा कि 20 साल का एक व्यक्ति घोघा पुलिस थाना इलाके में गंगा नदी में डूब गया.
रोसेड़ा सब डिवीजन में पुलिस उपाधीक्षक अजीत कुमार ने कहा कि समस्तीपुर जिले में भाई-बहन गांव के एक तालाब में डूब गए. लड़के की उम्र 13 और लड़की की आयु 10 साल है. पुलिस ने बताया कि दलसिंहसराय पुलिस थाना इलाके के एक गांव के एक तालाब में 18 साल की लड़की डूब गई.
अररिया के एसडीपीओ के डी सिंह ने बताया कि अररिया जिले में 18 साल के एक लड़के की कस्बे की एक नहर में डूबने से मौत हो गई. इसके अलावा सिमारिया गांव के एक तालाब में 25 साल का एक शख्स डूब गया.