कैशलेस हुई 'मुंबई ट्रैफिक पुलिस', नियमों को तोड़ा तो कुछ मिनटों में आपके पास पहुंचेगा चालान

मुंबई: मुंबई ट्रैफिक पुलिस अब सुपर हाईटेक हो गई है. मुंबई की ट्रैफिक पुलिस देश की पहली कैशलेस पुलिस बन गई है. आपने अगर ट्रैफिक नियमों को तोड़ा तो चंद मिनटों के भीतर आपके पास चालान पहुंच जाएगा और पेमेंट ऑनलाइन करना होगा.
मुंबई की ट्रैफिक पुलिस बनी पहली कैशलेस पुलिस
बाइक चलाते समय अगर आपने हेलमेट नहीं पहना है, अगर आपने जेब्रा लाइन क्रॉस की है तो अब आप मुंबई पुलिस के कैमरे में कैद हो जाएंगे. अगर आपने सीट बेल्ट नहीं पहनी है तो आपकी ये गल्ती तीसरी आंख से बचने वाली नहीं है. अगर आपने सिग्नल तोड़ा तो भी आप कैमरे में कैद होंगे.
नियम तोड़ने पर चालान अपने आप घर पहुंच जाएगा
आप ट्रैफिक नियमों को तोड़ते हुए आगे बढ़ रहे हैं और पुलिसवालों ने आपको नहीं रोका तो ये मत समझियेगा कि आप बच गए हैं. आप मुंबई ट्रैफिक पुलिस के पांच हजार सीसीटीवी कैमरों में कैद हो चुके हैं. पुलिस से उलझे बिना सीधे चालान आपके घर पहुंच जाएगा.

सीसीटीवी चालान के साथ साथ मुम्बई ट्रैफिक पुलिस स्पीड कैमरों के जरिए ओवर स्पीडिंग करनेवालों पर कार्रवाई करेगी. यानी अगर आप तय गति से ज़्यादा स्पीड में गाडी चलाते हैं तो स्पीड कैमरा आपका तुरंत चालान काट देगा.
ट्रैफिक सिस्टम को मजबूत बनाने के लिए बनाया गया हाई टेक कंट्रोल रूम
आप ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन ना करें इसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने एक हाई टेक कंट्रोल रूम बनाया हैं, जहां पुलिसकर्मी और आईटी एक्सपर्ट मिलकर आपकी गलती पकड़ते हैं.
शराब पीकर गाडी चलाने वालों को पकड़ने के लिए भी ट्रैफिक पुलिस ने हाई टेक ब्रेथ एनालाइजर का इस्तेमाल शुरू किया है, जिसमें फूंक मारते ही आपकी तस्वीर, आपने जितनी शराब पी है उसकी मात्रा सहित तमाम जानकारियां सीधे मुम्बई ट्रैफिक पुलिस के इस हाई टेक रूम के डेटाबेस में बंद हो जाएंगी. इसके अलावा मुंबई में कई जगहों पर अलकोबूथ भी लगाएं गए है.

ट्रैफिक तोड़ने का हर्जाना ऑनलाइन जमा होगा
चालान का भुगतान भी अब आसान हो गया है. जुर्माना भरने की व्यवस्था अब कैशलेस हो गई है जिससे न तो पुलिस अधिकारी भ्रष्टाचार कर सकेंगे और ना ही आप घुस देकर निकल सकेंगे. ई-चालान के जरिए फाइन की रकम आप ऑनलाइन, इ वॉलेट, इ कॉमर्स या फिर वोडाफोन स्टोर में जाकर आप भर सकेंगे .

वहीँ मुम्बई ट्रैफिक पुलिस ने जनता के लिए एक बेहद मददगार एप बनाया है. जिसका इस्तेमाल कर मुम्बई के लोग ट्रैफिक से जुडी हर जानकारी और शिकायतें दर्ज करा सकते है.
Source: IOCL

























