सुल्तानपुर: सांसद मेनका गांधी ने सुल्तानपुर के लंभुआ विधानसभा क्षेत्र में मंगलवार को कहा कि जनता ने उन्हें पांच सालों के लिए चुना है और वह किसी के साथ अन्याय नहीं होने देंगी. मेनका ने अपने संसदीय क्षेत्र दौरे के दूसरे दिन एक गांव में नुक्कड़ सभा को संबोधित कर रही थीं. उन्होंने कहा, "मैं आप सबकी मदद करूंगी. यहां पर आपको मांगने की जरूरत नहीं पड़ेगी. आपको जो भी मदद की जरूरत हो मैं करूंगी. किसी के साथ अन्याय नहीं होने दूंगी." उन्होंने कहा, "मैं इस एक महीने में 70 गांवों में जा चुकी हूं और आज भी 24 गांवों का दौरा करूंगी. दो हफ्ते बाद फिर आऊंगी और 50 गांवों का दौरा कर लोगों से मिलूंगी. आपकी जो भी दिक्कतें हो मुझे बताइए." गांधी ने कहा, "मेरे ऑफिस में लोग बैठते हैं, वे आपकी दिक्कतें सुनेंगे. जब से मैं आई हूं आठ-दस हजार काम हो चुके हैं. जिले के सभी अधिकारी सुबह नौ बजे से 11 बजे तक ऑफिसों में बैठकर लोगों की शिकायतें सुन रहे हैं. कुछ लोगों ने रेलवे स्टेशन पर प्रसाधन बनवाने के लिए कहा, अब यह काम पूरा हो गया है. सारे काम धीरे-धीरे पूरे किए जाएंगे." विवादास्पद बयान रहा था चर्चा में सुल्तानपुर से सांसद मेनका गांधी ने चुनाव के दौरान एक विवादित बयान दिया था. उन्होंने कहा था," मैं जीत रही हूं. लोगों की मदद और प्यार से मैं जीत रही हूं. लेकिन अगर मेरी जीत मुसलमानों के बिना होगी तो बहुत अच्छा नहीं लगेगा. क्योंकि इतना मैं बता देती हूं कि फिर दिल खट्टा हो जाता है. फिर जब मुसलमान आता है काम के लिए, फिर मैं सोचती हूं कि रहने ही दो... क्या फर्क पड़ता है."