नई दिल्ली: सुज़ुकी ने जिनेवा मोटर शो-2017 के दौरान तीसरी जनरेशन की स्विफ्ट के यूरोपीय मॉडल से पर्दा उठाया है. इसे सुज़ुकी के नए हीयरटेक प्लेटफार्म पर तैयार किया गया है, इसमें बलेनो और इग्निस वाले बॉडी पैनल इस्तेमाल हुए हैं.
नई स्विफ्ट में 1.0 लीटर का बूस्टरज़ेट इंजन, सुज़ुकी की एसएचवीएस माइल्ड हाइब्रिड टेक्नोलॉजी के साथ आएगा और इस मामले में यह सुज़ुकी की पहली कार होगी. क्योंकि अभी तक केवल 1.2 लीटर ड्यूलजे़ट पेट्रोल और 1.3 लीटर डीडीआईएस डीज़ल इंजन में ही सुज़ुकी की एसएचवीएस माइल्ड हाइब्रिड टेक्नोलॉजी दी गई थी. भारत में मारूति सुज़ुकी ने केवल सियाज़ और अर्टिगा के डीज़ल वेरिएंट में ही माइल्ड हाइब्रिड की सुविधा दी है, यहां किसी भी पेट्रोल इंजन वाली मारूति कार में हाइब्रिड की सुविधा अभी तक मौजूद नहीं है.
क्या है एसएचवीएस
सुज़ुकी के एसएचवीएस माइल्ड हाइब्रिड सिस्टम में एक इंटीग्रेटेड स्टार्टर जेनेरेटर आता है, यह इंजन को स्टार्ट करने और उसे आगे बढ़ाने के अलावा रिजिनेरेटिव ब्रेकिंग के जरिये इलेक्ट्रिसिटी भी जनरेट करता है.