IND vs SL दिल्ली टेस्ट : डिसिल्वा और रोशन के आगे बेदम हुई भारतीय गेंदबाजी, मुकाबला ड्रॉ
भारत और श्रीलंका के बीच दिल्ली के फिरोजशाह कोटला में खेला गया तीन टेस्ट मैचों की सीरीज का तीसरा और अंतिम टेस्ट बराबरी पर खत्म हुआ.

भारत और श्रीलंका के बीच दिल्ली के फिरोजशाह कोटला में खेला गया तीन टेस्ट मैचों की सीरीज का तीसरा और अंतिम टेस्ट बराबरी पर खत्म हुआ. मैच के पांचवें दिन भारतीय गेंदबाज शतक लगाने के बाद रिटायर्ड हर्ट होने वाले धनंजय डिसिल्वा और डेब्यू कर रहे रोशन सिल्वा की जुझारू पारी के आगे बेदम दिखे. श्रीलंका ने भारत को जीत से वंचित करके मैच ड्रॉ कराया लेकिन वह मेहमान टीम को सीरीज 1-0 से जीतने और ऑस्ट्रेलिया के लगातार नौ सीरीज जीतने के विश्व रिकॉर्ड के बराबरी करने से नहीं रोक पाया.
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के नाम पर लगातार नौ सीरीज जीतने का रिकॉर्ड दर्ज था, जिसने यह कारनामा 2005 से 2008 के बीच किया था. भारत के विजय अभियान की शुरूआत 2015 में श्रीलंका की सरजमीं पर हुई जब कोहली की अगुआई में टीम ने तीन मैचों की सीरीज 2-1 से जीती और तब से भारत की जीत का क्रम जारी है.
डिसिल्वा ने रिटायर्ड हर्ट होने से पहले 219 गेंद में 15 चौंकों और एक छक्के की मदद से 119 रन की पारी खेलने के अलावा कप्तान दिनेश चांदीमल (36) के साथ पांचवें विकेट के लिए 112 रन भी जोड़े.
रोशन ने इसके बाद 154 गेंद में 11 चौंकों की मदद से नाबाद 74 रन की पारी खेलने के अलावा निरोशन डिकवेला (नाबाद 44) के साथ छठे विकेट के लिए 99 रन की अटूट साझेदारी करके श्रीलंका को स्कोर पांच विकेट पर 299 रन तक पहुंचाकर मैच ड्रॉ कराया. भारतीय मैदान पर चौथी पारी का ये सर्वोच्च स्कोर है. इससे पहले वेस्टइंडीज ने 1987 में इसी मैदान पर पांच विकेट पर 276 रन बनाकर जीत दर्ज की थी.
भारतीय कप्तान विराट कोहली जब सात अनिवार्य ओवर बचे थे तभी मैच ड्रॉ कराने पर राजी हो गए. भारत की ओर से रविंद्र जडेजा ने 59 रन देकर तीन विकेट हासिल किए. मोहम्मद शमी ने 50 जबकि रविचंद्रन अश्विन ने 126 रन देकर एक-एक विकेट चटकाया.
भारत की फील्डिंग पर आज फिर सवाल उठे जब उसके फील्डरों ने रोशन और डिकवेला दोनों को जीवनदान दिया.
श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने पूरे संकल्प के साथ बल्लेबाजी की. टीम ने पहले सेशन में 31 ओवर में एक विकेट पर 88 और दूसरे सेशन में 34 ओवर में एक विकेट गंवाकर 107 रन जोड़े. अंतिम सेशन में टीम ने 22 ओवर में 73 रन जोड़े और कोई विकेट नहीं गंवाया. श्रीलंका ने सुबह के सेशन में एकमात्र विकेट एंजेलो मैथ्यूज (01) का गंवाया. मैथ्यूज हालांकि दुर्भाग्यशाली रहे क्योंकि जडेजा की जिस गेंद पर पवेलियन लौटे वह नोबॉल थी. जडेजा ने 24 रन के स्कोर पर चांदीमल को भी बोल्ड कर दिया था लेकिन यह नोबॉल हो गई.
Source: IOCL
















