'नेशनल कॉन्फ्रेंस के दोहरे चरित्र से ठगा महसूस कर रहे लोग', धारा 370 का जिक्र कर BJP का निशाना
Jammu Kashmir News: जम्मू कश्मीर प्रदेश बीजेपी ने आरोप लगाया कि नेशनल कॉन्फ्रेंस ने जनादेश का अपमान किया. जम्मू कश्मीर के लोग ठगा हुआ मससूस कर रहे हैं.

जम्मू कश्मीर प्रदेश बीजेपी ने दावा किया है कि अधिकांश लोग धारा 370 को हटाने का समर्थन करते हैं. पार्टी ने आरोप लगाया है कि प्रदेश की सत्ताधारी पार्टी दोहरे चरित्र वाली कहानी से लोगों को धोखा दे रही है. बीजेपी ने कहा कि इसमें राजनीतिक दल भी शामिल हैं जो धारा 370 को हटाने का खुलेआम या गुप्त रूप से समर्थन करते हैं. पार्टी ने जम्मू कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के वरिष्ठ नेताओं की दोहरे चरित्र वाली कहानी से जम्मू-कश्मीर के लोग ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं.
नेशनल कॉन्फ्रेंस ने जनादेश को धोखा दिया- बीजेपी
जम्मू कश्मीर प्रदेश बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता सुनील सेठी ने नेशनल कॉन्फ्रेंस पर दोहरे चरित्र वाली कहानी का इस्तेमाल कर जनादेश को धोखा देने का आरोप लगाया, जिसे समय और स्थान के हिसाब से चुना जाता है. उन्होंने कहा कि पूर्व रॉ प्रमुख एएस दुलत द्वारा लिखी गई पुस्तक को लेकर जम्मू-कश्मीर में नई राजनीतिक हलचल शुरू हो गई है. पुस्तक में उन्होंने इस बात का जिक्र किया है कि पूर्व सीएम फारूक अब्दुल्ला अनुच्छेद 370 को हटाए जाने के खिलाफ नहीं थे.
'अनुच्छेद 370 हटाकर बीजेपी ने जम्मू-कश्मीर पर एहसान किया'
बीजेपी नेता ने कहा कि क्षेत्रीय राजनीतिक दल जनता को धोखा देने के लिए अनुच्छेद 370 को जारी रखने का समर्थन करते हैं, लेकिन उनका मानना है कि अनुच्छेद 370 जम्मू-कश्मीर में प्रगति और स्थायी शांति प्रक्रिया में बाधा बन रहा था. एएस दुलत द्वारा अपनी पुस्तक में साझा किए गए तथ्यों के आधार पर यह स्पष्ट है कि घाटी के राजनीतिक दलों का मानना है कि बीजेपी ने अनुच्छेद 370 को हटाकर जम्मू-कश्मीर पर एहसान किया है.
इसके साथ ही सेठी ने कहा, "एएस दुलत पर जवाबी आरोप लगाकर नेशनल कॉन्फ्रेंस अब अपनी साख बचाने और जनता के गुस्से से बचने की कोशिश कर रही है." उन्होंने कहा कि कुछ दलों और नेताओं ने अनुच्छेद 370 को हटाए जाने का खुलकर समर्थन किया है, जबकि अन्य ने गुप्त रूप से विवादास्पद प्रावधान को हटाए जाने को स्वीकार किया है.
ऐसे राजनेता देश का भला नहीं करते- अरुण गुप्ता
इस अवसर पर अरुण गुप्ता ने कहा कि आम लोग अपने नेताओं को अपना आदर्श मानते हुए उनका समर्थन करते हैं. लोग उनसे अपेक्षा करते हैं कि वे अपने शब्दों और कार्यों के प्रति सच्चे रहें और सार्वजनिक रूप से जो कुछ भी कहा जाए वह निजी तौर पर कही गई बातों से अलग न हो. गुप्ता ने कहा कि आजादी से पहले शासक भी दोहरी बातें और दोहरे मापदंड बर्दाश्त नहीं कर सकते थे. उन्होंने कहा कि इस तरह की राजनीति और राजनेता देश का भला नहीं करते.
जम्मू कश्मीर को अपनी पैतृक संपत्ति समझती है NC- बीजेपी
इसके आगे उन्होंने कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस जम्मू-कश्मीर को अपनी पैतृक संपत्ति समझती है. बिना किसी सार्वजनिक जवाबदेही के जो मन में आता है वही करती है. नेशनल कॉन्फ्रेंस कई बार अपने दोहरे मापदंड के लिए उजागर हो चुकी है और एएस दुलत द्वारा किए गए ताजा खुलासे से यह बिल्कुल स्पष्ट हो गया है कि बीजेपी शुरू से ही नेशनल कॉन्फ्रेंस के बारे में जो कुछ भी कहती रही है, वह सही है.
'ऐसी पार्टी को समर्थन करने वाले लोग आहत'
बीजेपी नेता ने कहा कि ऐसे नेताओं और पार्टियों का समर्थन करने वाले लोग आहत महसूस करते हैं और उनके काम से उनका विश्वास खत्म हो जाता है. अब समय आ गया है कि जनता को नेशनल कॉन्फ्रेंस के दोहरे मापदंड को समझना होगा और अपना भविष्य उन पार्टियों और नेताओं के हाथों में नहीं सौंपना चाहिए, जिनका कोई नैतिक आधार नहीं है.
टॉप हेडलाइंस
Source: IOCL



























