नशे में धुत बदमाश पुलिस पर पड़े भारी! SI ने पीने से रोका तो बदमाशों ने इस वारदात को दिया अंजाम
Indore News: इंदौर में एक सब इंस्पेक्टर ने कुछ बदमाशों को शराब पीते देख उन्हें फटकार लगाई तो बदमाशों ने SI को पीट दिया. इस मामले में पुलिस ने चारों के खिलाफ केस दर्ज कर 2 लोगों को गिरफ्तार किया है.

MP News: मध्य प्रदेश की व्यावसायिक राजधानी इंदौर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. कुछ गुंडों ने एक जेल कर्मचारी के साथ मिलकर एक सब इंस्पेक्टर से मारपीट की और जबरन माफी मंगवाते हुए वीडियो भी बना लिया. ये मामला सामने आने के बाद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है.
बाणगंगा थाना पुलिस के मुताबिक, सब इंस्पेक्टर तेरेश्वर इक्का अरविंदो हॉस्पिटल के पास ड्यूटी पर तैनात थे. इस दौरान उन्होंने एक थार जीप में बैठे चार लोगों को शराब पीते देखा और उन्हें फटकार लगाई. फटकार सुन कर नशे में धुत बदमाशों ने सब इंस्पेक्टर तेरेश्वर इक्का के साथ धक्का-मुक्की की, बाल खिंचे, मारपीट भी की और उनका वायरलेस सेट भी छीन लिया. इस दौरान वहां कई लोग मूकदर्शक बने देखते रहे. नशे में धुत बदमाशों ने सब इंस्पेक्टर को जबरन माफी मांगने पर मजबूर किया और इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.
वीडियो वायरल होते ही हरकत में आई पुलिस
घटना मंगलवार 4 फरवरी 2025 की रात की बताई जा रही है. अगले दिन (5 फरवरी 2025) को वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. बाणगंगा थाना पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने और मारपीट करने जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और फिलहाल दो आरोपियों को हिरासत में भी लिया जा चुका है.
आरोपियों में जेल कर्मचारी भी शामिल
मारपीट करने वालों में एक आरोपी विकास जोबट जेल का कर्मचारी बताया जा रहा है, जबकि दूसरा विकास राठौर इंदौर का ही रहने वाला है. चारों आरोपी आपस में दोस्त बताए जा रहे हैं. वायरल वीडियो को देखने के बाद नशेड़ी युवकों के हौसलों का अंदाजा लगाया जा सकता है. इस घटना के बाद कानून की सुरक्षा पर ही सवाल उठ रहे हैं. वहीं पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है.
मिल्कीपुर उपचुनाव पर आ गया चंद्रशेखर आजाद का बयान, बोले- BJP ने वोट नहीं देने दिया...
टॉप हेडलाइंस
Source: IOCL

























