लखनऊ. यूपी से बीजेपी विधायक रमेश दिवाकर ने महिलाओं को लेकर अभद्र टिप्पणी की है. विधायक की महिलाओं पर की गई टिप्पणी का वीडियो वायरल हो गया है. इस मुद्दे को लेकर सपा ने बीजेपी पर हमला बोला है. वहीं, सत्ताधारी पार्टी बीजेपी ने इससे पल्ला झाड़ा है.

बीजेपी विधायक की महिलाओं पर टिप्पणी वायरल वीडियो के अनुसार विधायक रमेश दिवाकर अपने क्षेत्र औरेया में जन सुनवाई कर रहे थे. इसी दौरान कुछ महिलाओं ने अपने बच्‍चों की फीस माफी के लिए उन्‍हें अर्जी देकर अनुरोध किया तो विधायक ने कथित रूप से अभद्र टिप्‍पणी कर दी. किसी ने इसकी रिकार्डिंग कर ली और वीडियो वायरल कर दिया. वीडियो के अनुसार विधायक ने अर्जी लेकर आई महिलाओं से कहा, "बच्‍चे पैदा करें आप और खर्च उठाए सरकार." विधायक ने महिलाओं से कहा, "आपको अपने बच्‍चों को सरकारी स्‍कूल में भेजना चाहिए. सरकारी स्‍कूलों में कोई फीस नहीं ली जाती है."

सपा ने उठाए सवाल वहीं, वीडियो वायरल होने के बाद सपा ने बीजेपी पर निशाना साधा है. सपा के मुख्‍य प्रवक्‍ता और उत्‍तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री राजेंद्र चौधरी ने एजेंसी से कहा, "विधायक की यह टिप्‍पणी दुखद और निंदनीय है और यहीं बीजेपी का चरित्र है." उन्‍होंने कहा कि बीजेपी के लोग किसी का काम नहीं करते और महिलाओं का अपमान करते हैं.

वहीं, इस संदर्भ में जब बीजेपी के प्रदेश प्रवक्‍ता समीर सिंह से पूछा गया तो उन्‍होंने कहा कि यह प्रकरण मेरे संज्ञान में नहीं है और न ही पार्टी के संज्ञान में है, लेकिन महिलाओं के साथ किसी को अमर्यादित भाषा बोलने का अधिकार नहीं है, बीजेपी सर्व समाज का सम्‍मान करने वाली पार्टी है. इस मामले की शिकायत आएगी तो जांच की जाएगी.

इसे भी पढ़ेंः

ह्यूमन इंटेलिजेंस के सहारे मुम्बई पुलिस सर्च कर रही है अंबानी के घर के पास स्कॉर्पियो खड़ा करने वाले शख्स को!

दिल्ली: गलत तरीके से बाइक चला रहे युवक को टोका तो दो भाइयों पर चाकू से वार, एक की मौत